माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल व इंटर में बोर्ड एग्जाम फीस बढ़ा दी है। यह बढ़ोतरी 100 से 250 रुपये तक की गई है। इसके अलावा कक्षा नवीं व 11वीं का पंजीकरण शुल्क 20 से बढ़ाकर 50 रुपये कर दिया है। यह बढ़ोतरी चालू शैक्षिक सत्र 2016-17 से लागू होगी।
हाईस्कूल के संस्थागत विद्यार्थियों को अभी तक 80 रुपये परीक्षा शुल्क देना पड़ता था। अब उन्हें बढ़ोतरी के साथ 200 रुपये जमा करने होंगे। इसी प्रकार व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को सौ रुपये के बजाये 300 रुपये देने पड़ेंगे। इंटरमीडिएट के संस्थागत विद्यार्थियों को 90 के बजाय 220 रुपये जमा करने होंगे।
व्यक्तिगत विद्यार्थियों को 150 रुपये की जगह 400 जमा करने पड़ेंगे। इंटरमीडिएट कृषि भाग एक में संस्थागत परीक्षार्थियों का शुल्क 80 से बढ़ाकर 220 कर दिया गया है। व्यक्तिगत परीक्षार्थी अब 150 की बजाय 400 रुपये जमा करेंगे।
इसी प्रकार कृषि विभाग दो के संस्थागत विद्यार्थियों की फीस 80 से बढ़ाकर 220 रुपये कर दी गई है। व्यक्तिगत विद्यार्थियों को 150 की तुलना में 400 रुपये जमा करने होंगे। इसके अलावा कक्षा नवीं व 11वीं का पंजीकरण शुल्क 20 से बढ़ाकर 50 कर दिया है।