शहर को मॉडल सिटी में नया लुक मिलेगा। इसे खूबसूरत बनाने में पांच अरब 18 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सीतापुर जिला प्रशासन ने आर्किटेक्ट अनुपम गुप्ता की देखरेख में मॉडल सिटी की रिवाइज्ड डीपीआर तैयार कर ली गई है। शहर को नया लुक देने के लिए लालबाग चौराहे पर बने पेट्रोल पंप को भी शिफ्ट किया जाएगा।
वहीं चौराहे पर लगे विशालकाय पीपल के पेड़ को हटाया जाएगा। इससे चौराहा काफी बड़ा दिखेगा। अब लखनऊ में आवास विकास परिषद में मॉडल सिटी का प्रजेेंटेशन होगा। हालांकि इस प्रजेंटेशन की तारीख तय नहीं है।
चुनावी वर्ष में सपा सरकार ने सीतापुर शहर को मॉडल सिटी का तोहफा दिया है। इसके जरिये पूरे शहर का संपूर्ण विकास कराया जाएगा। शहर को मॉडल सिटी के तौर पर विकसित करने के लिए पहले प्रशासन ने 3 अरब 50 करोड़ रुपये का डीपीआर तैयार किया था पर प्रजेंटेशन में इसे आवास विकास परिषद ने रिजेक्ट कर दिया था।
इस पर डीएम अमृत त्रिपाठी ने नए सिरे शहर के विकास का खाका खींचने के निर्देश दिए थे। शहर को मॉडर्न बनाने के लिए बंगलूरू के ऑर्किटेक्ट अनुपम गुप्ता की मदद ली गई। अब प्रशासन ने 5 अरब 18 करोड़ का रिवाइज्ड डीपीआर तैयार किया है।
प्रोजेक्ट तैयार होने के बाद जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने अधीनस्थ अफसरों के साथ समूचे शहर का भ्रमण किया। प्रोजेक्ट में लालबाग चौराहे पर वर्षों से लगा पीपल का पेड़ अब हटेगा। वहीं मुख्य चौराहे पर स्थित पेट्रोल पंप भी दूसरी जगह शिफ्ट होगा। इसे लेकर प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी हैं। डीएम ने पीपल के पेड़ को हटाने के लिए डीएफओ को निर्देश दिए हैं। पेट्रोल पंप शिफ्ट होने से चौराहा बड़ा दिखेगा। साथ ही ट्रैफिक भी सुगम हो सकेगा।