फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: सरौरा कलां एजेंसी में पकड़ी गई 315 सिलिंडरों की कालाबाजारी

विज्ञापन
गैस स्टॉक का मिलान करते डीएसओ अखिलेश श्रीवास्तव । - फोटो : गैस स्टॉक का मिलान करते डीएसओ अखिलेश श्रीवास्तव ।
विज्ञापन
कमलापुर (सीतापुर)। सरौंरा कलां स्थित आर के सिंह इंडेन गैस एजेंसी पर डीएम डॉ. राजा गणपति आर के निर्देश पर छापा मारा गया। एजेंसी के गोदाम और प्रतिष्ठान की जांच में 315 एलपीजी सिलिंडरों की कालाबाजारी पकड़ी गई। डीएम की अनुमति पर एजेंसी सील कर संचालक व कर्मियों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस मामले में इंडियन ऑयल के अधिकारी ने भी एजेंसी संचालक से जान का खतरा बताते हुए तहरीर दी है।
विज्ञापन


सरौरा कला में आरके सिंह इंडेन ग्रामीण गैस एजेंसी संचालित थी। अमर उजाला में 19 मार्च को ''एजेंसी से दे रहे सिलिंडर, चार्ज होम डिलीवरी का'' शीर्षक से प्रकाशित खबर में सरौरा कला की गैस एजेंसी पर गड़बड़ी की ओर जिम्मेदारों का ध्यान खींचा था। डीएम ने इसका संज्ञान लेकर एसडीएम सिधौली राखी वर्मा व डीएसओ अखिलेश श्रीवास्तव को एजेंसी की जांच के निर्देश दिए थे। उनकी जांच में 315 सिलिंडरों की कालाबाजारी पकड़ी गई।



इस गैस एजेंसी पर सिलिंडर लेने पहुंचे मिरचौड़ी निवासी शांति स्वरूप अवस्थी ने बताया कि उनकी पत्नी ललिता देवी के नाम कनेक्शन है। तीन मार्च को बुकिंग कराई, डीएसी नंबर भी मिल गया था। इसके बाद 21 मार्च तक सिलिंडर नहीं मिला। 22 मार्च को एजेंसी पर बताया गया कि सिलिंडर चार मार्च को डिलीवर हो चुका है। शांति स्वरूप के अनुसार उन्हें सिलिंडर नहीं मिला, फिर कैसे डिलीवरी हो गई।
विज्ञापन

एजेंसी के कई ग्राहकों ने अपने बयान दर्ज कराते हुए एजेंसी की कालाबाजारी को उजागर किया। इस पर अफसरों ने कार्रवाई की है। पूर्ति निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह की तहरीर पर कमलापुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। वहीं, जिला पूर्ति अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि एजेंसी के उपभोक्ताओं को चितरेहटा की वर्तिका इंडेन ग्रामीण वितरक से अटैच किया है। दागी एजेंसी के उपभोक्ता वहां से सिलिंडर ले सकेंगे। सोमवार को वर्तिका एजेंसी को 647 रीफिल दी गई हैं।

आईओसीएल के अधिकारी को धमकी देेने का आरोप

इंडियन ऑयल के सेल्स ऑफिसर मनीष कुमार वर्मा ने कमलापुर पुलिस को तहरीर दी है। उनका आरोप है कि आर के सिंह इंडेन गैस एजेंसी की मालकिन, उनके पति और परिचितों से खतरा है। उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें एजेंसी संचालक से जान का खतरा है। उन्होंने कमलापुर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पूर्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार एजेंसी की प्रोप्राइटर रामश्री के परिवार के एक सदस्य ने खुद को एंटी करप्शन में दरोगा बताकर अर्दब में लेने का प्रयास किया। हालांकि इसका कोई असर नहीं पड़ा।


सकरन, रामपुर मथुरा व महमूदाबाद में भी हेराफेरी का आरोप
सकरन में जय मां काली इंडेन ग्रामीण वितरक पर उपभोक्ता रसीदुन ने फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार उन्होंने जनवरी में सिलिंडर लिया था। इसके बाद पूरा परिवार अमेठी ईंट भट्ठे पर काम करने चला गया। 10 मार्च को वापस आने पर पता चला कि 21 फरवरी को उनका सिलिंडर डिलीवर हो गया है। वहीं, रामपुर मथुरा के बांसुरा स्थित भारत गैस एजेंसी की उपभोक्ता नगमा ने बताया कि घर में सिलिंडर खत्म हो चुका है। बुकिंग के चौथे दिन भी ओटीपी नहीं आई। एजेंसी संचालक सत्य प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि सर्वर की समस्या के कारण ओटीपी नहीं आ रही है। वहीं, महमूदाबाद में सोमवार को पूर्ति निरीक्षक रूपेश जैन ने ढाबों पर जांच की। हालांकि कोई अनियमितता नहीं मिली है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें