सीतापुर। रेउसा इलाके में रविवार देर रात तंबौर मार्ग पर बंभनावा गांव के पास स्थित सिकड़िहा मोड़ पर एक ऑटो व तेज रफ्तार कार में टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार बच्ची की मौत हो गई, जबकि परिवार के छह लोग घायल हो गए। परिवार एक मांगलिक कार्यक्रम से घर लौट रहा था।
क्षेत्र के नारायणपुर हरदोपट्टी मजरा बरी निवासी वीरेंद्र कुमार (35) अपने परिवार के साथ लहरपुर के कर्मुडीह गांव में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां से देर शाम कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार व रिश्तेदारों के साथ ऑटो से घर लौट रहे थे। देर रात रेउसा मार्ग पर बंभनावा गांव के पास उनका ऑटो एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गया। हादसे में वीरेंद्र, उनकी पुत्री नंदिनी (5), चांदनी (1) उनके रिश्तेदार बंभनावा निवासी संभारी (36), लवकुश (32), संगीता (30), शकुंतला (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को एंबुलेंस से सीएचसी रेउसा पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान चांदनी की इलाज के दौरान मौत हो गई। थानाध्यक्ष हनुमंत लाल तिवारी ने बताया कि संगीता को बेहतर इलाज के लिए बहराइच रेफर किया गया है। सीसीटीवी की मदद से कार की तलाश की जा रही है।
पिता की तहरीर पर दर्ज हुई एफआईआर
हादसे में चांदनी की मौत के बाद उनके पिता वीरेंद्र ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस वाहन की तलाश में जुटी है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं।