सीतापुर। निर्वाचन आयोग की तरफ से घोषित एसआईआर (विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण) कार्यक्रम को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक बैठक हुई। इसमें मौजूद जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम राजा गणपति आर ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एसआईआर से जुड़े कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान डीएम ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) नियुक्त करने का अनुरोध करते हुए बताया कि नामित बीएलए प्रतिदिन 50 गणना प्रपत्र दे सकेंगे।
डीएम विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सभी दल अपने-अपने बीएलए नियुक्त कर उसकी सूची निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराए। एसआईआर के दौरान गणना प्रपत्र बांटने और एकत्र करने का काम चार नवंबर से लेकर चार दिसंबर तक होगा। इस दौरान प्रशासन की तरफ से नियुक्त बीएलओ तीन बार घरों पर जाकर सत्यापन करेंगे। बताया कि राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए द्वारा गणना अवधि में 50 गणना प्रपत्र प्रतिदिन दिए जा सकेंगे। बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि, एडीएम नीतीश कुमार सिंह उपस्थित रहे।
इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट केएन तिवारी और एसडीएम सदर धामिनी एम दास ने भी अलग से राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक कर कार्यक्रम से जुड़ी जानकारियों को सांझा किया। उन्हें संपूर्ण अवधि में होने वाले कार्य बताते हुए बीएलए नियुक्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया।