सीतापुर। परिषदीय विद्यालय के बच्चों की अब शत प्रतिशत ऑनलाइन हाजिरी दर्ज होगी। हाजिरी दर्ज कराने में बरती जा रही ढिलाई पर नाराजगी जताते हुए बीएसए ने सभी बीईओ को पत्र लिखकर तीन दिनों में शत प्रतिशत बच्चों की ऑन लाइन हाजिरी का निर्देश दिया है।
जिले में वर्तमान में सिर्फ 34 फीसदी बच्चों की ही ऑन लाइन हाजिरी लग रही है। इसे सौ फीसद करने के लिए बीएसए ने सभी बीईओ को निर्देशित किया है। शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी के विरोध के बाद अब बच्चों पर फोकस किया जा रहा है। शासन स्तर से बच्चों की ऑन लाइन हाजिरी को तीन दिनों में सौ फीसदी तक सुनिश्चित कराने का आदेश दिया गया है।
इस संबंध में बीएसए ने बीईओ को भेजे पत्र में कहा है कि वह प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक कर, ऑन लाइन हाजिरी लगाने में आ रही बाधा का पता लगाकर उसे दूर कराए। साथ ही नियमित तौर पर विद्यालयों का गहनता से निरीक्षण कर ऑनलाइन हाजिरी की व्यवस्था का पूरी सख्ती से अनुपालन भी कराया जाए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही व शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले प्रधानाध्यापकों को चिह्नित कर कार्रवाई के घेरे में लाया जाएगा।