जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों का ऐलान पांच उम्मीदवार पहली बार लड़ेंगे विधानसभा चुनाव सीतापुर। लंबे इंतजार के बाद भाजपा ने रविवार शाम अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए गए हैं।
भाजपा ने ज्यादातर नए चेहरों पर दांव लगाया है। घोषित उम्मीदवारों में से सदर सीट से राकेश राठौर, सेवता से ज्ञान तिवारी और मिश्रिख से रामकृष्ण भार्गव के अलावा बाकी अन्य सीटों पर नए चेहरे उतारे गए हैं। इनमें ज्यादातर का कोई खासा सियासी अनुभव नहीं है। यह पूरी तरह से पार्टी बैनर के सहारे मैदान में उतारे गए हैं।
महमूदाबाद से आशा मौर्या, लहरपुर से सुनील वर्मा, महोली से शशांक त्रिवेदी, बिसवां से महेंद्र यादव और हरगांव से सुरेश राही पहली बार विधानसभा के चुनाव में ताल ठोकने उतरेंगे। जबकि सिधौली से प्रत्याशी बनाए गए रामबख्श रावत 2012 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में किस्मत आजमा चुके हैं।
सेवता से उम्मीदवार बनाए गए ज्ञान तिवारी संगठन से जुड़े नेता हैं। इससे पहले यह जिला पंचायत उपाध्यक्ष रह चुके हैं। 2009 के लोकसभा चुनाव में सीतापुर सीट से भी भाग्य आजमा चुके हैं। सदर सीट से प्रत्याशी राकेश राठौर पिछला विधानसभा चुनाव बसपा के टिकट पर लड़े थे।
जबकि मिश्रिख सीट के उम्मीदवार बनाए गए रामकृष्ण भार्गव बसपा व कांग्रेस से विधायक बनने के साथ राज्यमंत्री भी रह चुके हैं। हरगांव से पार्टी का टिकट पाने वाले सुरेश राही पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री रामलाल राही के बेटे हैं। जबकि लहरपुर से प्रत्याशी सुनील वर्मा सीतापुर सांसद राजेश वर्मा के भांजे हैं।