सीतापुर के खैराबाद में ग्यारह हजार दीपों से जगमगा भुइयां ताली तीर्थ स्थल ।
- फोटो : SITAPUR
खैराबाद (सीतापुर)। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के नींव पूजन का उल्लास सैकड़ों मील दूर यहां भी छाया हुआ है। पांच अगस्त की स्वर्णिम तारीख को यादगार बनाने की कवायद में लोग जुट गए हैं। तरह-तरह के आयोजनों की तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार जिले में दिवाली से पहले ही चारों तरफ दीप जगमगाते हुए दिखाई देंगे। नगर के प्राचीन भुइयां ताली तीर्थ को श्रद्धालुओं ने इस दिन 11 हजार दीपों से रोशन कर प्रकाश उत्सव मनाया।
बड़ी संगत के प्रभारी महंत बजरंग मुनि ने बताया कि तीर्थ स्थल पर मंगलवार की शाम को ग्यारह हजार दीये जलाकर दीप उत्सव मनाया गया। बुधवार को भी दीपोत्सव का कार्यक्रम होगा। उन्होंने सभी श्रीराम भक्तंो से अपने घरों में 11 दीये जलाने की अपील की है। कटरा संगत में महंत दामोदर शरण दास की ओर से श्रीराम चरितमानस पाठ का आयोजन किया गया है। उधर, सिंधौली में अयोध्या में भूमि पूजन के उपलक्ष्य में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के जिला संयोजक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में नगर के महमूदाबाद चौराहाज तहसील चौराहा, विसवां चौराहा समेत सभी मंदिर सजाए जाएंगे।
वहीं, शहर में पांच अगस्त को जलाने के लिए भाजपाइयों ने मंगलवार को घर-घर मिट्टी के दीपक वितरित किए। नगर महामंत्री विक्रम सिंह तानसेनगंज सभासद सिद्ध गोपाल मेहरोत्रा, उपाध्यक्ष देवांश भदौरिया, विजय जायसवाल, कोषाध्यक्ष अंकित श्रीवास्तव, राजवीर वाल्मीकि, शिवांशु मिश्रा, कमलेश मेहरोत्रा व निर्मला शाह आदि ने दीये वितरण के साथ ही बुधवार को घरों में जलाने को आह्वान किया।
कारसेवकों का होगा सम्मान
लहरपुर (सीतापुर)। राम मंदिर के लिए कारसेवा में प्रतिभाग करने 31 साल पहले नगर के 36 लोग पैदल अयोध्या गए थे। हालांकि 36 कारसेवकों में से 14 अब इस स्वर्णिम अवसर पर हमारे बीच नहीं हैं। समाज सेवियों ने संघर्ष करने वाले 22 कारसेवकों को इस दिन सम्मानित करने का निर्णय लिया है।