शहर के रोटीगोदाम समेत इर्दगिर्द के मोहल्ला वासियों के लिए खुशखबरी है। उन्हें अब लो वोल्टेज की समस्या से छुटकारा मिलने वाला है। इसके लिए रोटी गोदाम में पावर कॉर्पोरेशन नए फीडर का निर्माण कराएगा।
शासन से इसकी मंजूरी भी मिल गई है। इससे करीब दो हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। मालूम हो कि अभी तक रोटी गोदाम सहित आधा दर्जन मोहल्लों को हेड पोस्ट आफिस रोड के फीडर से ही बिजली आपूर्ति की जा रही है।
इस फीडर पर लोड अधिक होने से यहां के उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली नही मिल पा रही है। इससे आए दिन न सिर्फ लाइन में लोकल फाल्ट रहती है, बल्कि यहां के लोगों को लो-वोल्टेज से भी जूझना पड़ता है।
यहां के लोगों को इससे निजात दिलाने को पावर कॉर्पोरेशन ने रोटी गोदाम मोहल्ले में नए फीडर के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर उसे मंजूरी के लिए मध्यांचल विद्युत वितरण निगम को भेजा था।
निगम के एमडी से स्वीकृत मिलने के बाद रोटी गोदाम में नए फीडर निर्माण का रास्ता भी साफ हो गया हैं। अब कॉर्पोरेशन जल्द ही रोटीगोदाम में नए फीडर का निर्माण कराएगा। नए फीडर को सामान भी पावर कॉर्पोरेशन कार्यालय पहुंच गया हैं। इसी माह से ही नए फीडर का निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।