सीतापुर। सांसद आजम खां, उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम व गैर जनपदों के कई खूंखार अपराधियों के बंद होने से संवेदनशील सीतापुर जेल का मंगलवार दोपहर डीएम, एसपी ने औचक निरीक्षण किया। डीएम विशाल भारद्वाज, एसपी आरपी सिंह भारी पुलिस अमले के साथ अचानक जेल पहुंचे। अफसरों ने सांसद आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम की बैरक की भी तलाशी ली। सूत्र बताते हैं कि अफसरों व सांसद आजम खां के बीच सवाल-जवाब भी हुए।
सघन तलाशी के बाद आजम खां की बैरक में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। आला अफसरों ने मातहत पुलिस व प्रशासनिक अफसरों के साथ जेल की एक-एक बैरक की जांच कराई। इसके अलावा भोजनालय, अस्पताल आदि का भी निरीक्षण किया। जेल की महिला बैरक की भी महिला पुलिस टीम ने सघन जांच की। छापे के दौरान जेल में अफसरों को कोई कमी नहीं मिली।
जेल अधीक्षक डीसी मिश्रा ने बताया कि मंगलवार की दोपहर डीएम, एसपी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस व प्रशासनिक अफसरों, कर्मियों ने जेल पहुंच कर औचक निरीक्षण किया। टीम ने जेल की सभी बैरकों, पाकशाला (भोजनालय) व अस्पताल आदि का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण में अफसरों को सब कुछ सामान्य मिला। इस निरीक्षण के दौरान एडीएम विनय पाठक, एएसपी डा. राजीव दीक्षित, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट, सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह, सीओ सदर अभिषेक प्रताप अजेय, प्रतिसार निरीक्षक आदि मौजूद रहे।