सीतापुर। सहालग का दौर खत्म होने के करीब आने के साथ ही बैंड बाजा बरात की धूम जोरों पर है। इस साल सहालग का दौर 15 दिसंबर को खत्म हो रहा है। ऐसे में शहर का कोई भी मैरिज हॉल व गेस्ट हाउस खाली नहीं है। जिले में एक दिन में 450 युगल विवाह के बंधन में बंध रहे हैं। दिसंबर माह में मुहूर्त कम होने के कारण ज्यादातर लोगों ने जून-जुलाई में ही मैरिज हाॅल की बुकिंग करा ली थी। वहीं, बैंड व डीजे वाले भी एडवांस बुकिंग वाली शादियां ही निपटा रहे हैं।
दिसंबर में अब सिर्फ 9, 10, 14 व 15 तारीख की लगन ही बाकी बची है। इस दौरान शहर के करीब 30 मैरिज हाउसों में से कोई भी खाली नहीं है। गर्मी में इस साल लगन कम होने के कारण लोगों ने शादियां नवंबर-दिसंबर तक के लिए टाल दी थीं। मैरिज हाउस संचालकों का कहना है कि पिछले तीन माह से इन लगन की कोई तारीख खाली नहीं है। कई लोग बुकिंग के लिए सिफारिशें तक करा रहे थे, लेकिन मैरिज हाउस एडवांस बुक होने से उन्हें मना करने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। संचालकों की मानें तो इस सहालग में लगभग 6000 शादियां होने का अनुमान है।
किसी भी तारीख में खाली नहीं गेस्ट हाउस
सहालग के अंतिम दौर में विवाह के लिए शुभ मुहूर्त ज्यादा नहीं हैं। एक मुहूर्त पर कई-कई शादियां हो रही हैं। इसे देखते हुए पहले से ही बुकिंग हो चुकी हैं। किसी तारीख में गेस्ट हाउस खाली नहीं है।
- अमन, मैनेजर गुरु कृपा गेस्ट हाउस
काफी पहले से हो चुकी बुकिंग
पिछले लगन की तुलना में यह लगन तेज है। बैंड व डीजे की बुकिंग के लिए काफी पहले से लोग आ रहे हैं। ज्यादातर बुकिंग हो चुकी हैं। सर्दी की सीजन होने से एक तारीख में एक शादी ही निपटा पा रहे हैं।
- सूरज, बैंड बाजा संचालक