सीतापुर में जिला कारागार से छूटने के बाद पूर्व विधायक के आवास पर आजम खां से गुफ्तगू करते अनूप गुप?
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। जेल से निकलने के बाद आजम खां अपने बेटों के साथ महोली से पूर्व सपा विधायक अनूप गुप्ता के घर पहुंचे। करीब आधा घंटा उन्होंने अनूप गुप्ता के परिवार से बातचीत की। घर से निकलने के बाद पूर्व विधायक अनूप गुप्ता ने कहा कि आजम खां उनके परिवार से मुलाकात करने के लिए आए थे, उन्होंने अनूप गुप्ता से अपना ख्याल रखने को कहा है। जैसे ही आजम खां उनके घर पहुंचे वैसे ही उनके समर्थकों ने उनको फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान आजम खां ने उनके यहां नाश्ता भी किया और फिर वहां से रवाना हो गए।
हमने सीखा सुख दुख में साथ रहना : शिवपाल
आजम के जेल से निकलने के बाद प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव ने कहा कि हम समाजवादी हैं। मुलायम सिंह ने हम लोगों को यही सिखाया है कि सुख दुख के समय में हम लोग हमेशा साथ रहें। आजम खां हमारे काफी पुराने साथी रहे हैं। हम उनके हर सुख दुख में साथ रहेंगे। इशारों में उन्होंने बता दिया कि वह आजम से पहले भी मुलाकात कर चुके हैं। रिहा होने के बाद फिर से उनकी बात आजम खां से होती ही रहेगी। आजम के जेल से रिहा होने के बाद शिवपाल यादव लखनऊ रवाना हो गए।
मीडियाकर्मियों और नेताओं ने पुलिस पर लगाया अभद्रता करने का आरोप
रिहाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही जिले की पुलिस ने मीडियाकर्मियों और नेताओं के साथ अभद्रता की। जेल पर पहुंचते ही बिलारी सीट से विधायक मो.फहीम को गेट पर ही रोक लिया गया। जब वह अंदर जाने लगे तो उनको इंस्पेक्टर ओपी तिवारी और यातायात निरीक्षक फरीद अहमद ने रोक लिया। काफी देर तक उनको प्रवेश नहीं दिया गया। इस दौरान विधायक ने कहा कि उनका प्रोटोकॉल होने के बाद भी उनको क्यों रोका गया? इस बात पर दोनों के बीच काफी नोकझोंक हुई। इसके बाद उनकी कार को अंदर जाना था तो शहर कोतवाल टीपी सिंह ने उनको जाने से रोक लिया। काफी देर तक बहस होने के बाद विधायक अंदर प्रवेश पा सके। इसके बाद आजम खां अनूप गुप्ता के आवास पर गए तो मीडियाकर्मियों को रोक लिया गया। हालांकि इस दौरान कुछ मीडियाकर्मी उनके आवास में पहुंच गए थे।