जिला कारागार का निरीक्षण कर वापस आते डीएम-एसपी। -संवाद
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। डीएम व एसपी ने शनिवार को जेल में छापा मारा। अलग-अलग टीमों ने करीब एक घंटे तक बंदियों की तलाशी ली और बैरकों को खंगाला। सपा विधायक आजम खां की भी बैरक खंगाली गई। तलाशी अभियान में कहीं कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। अफसरों के जाने के बाद जेल महकमे ने राहत की सांस ली।
शनिवार दोपहर डीएम अनुज सिंह, एसपी आरपी सिंह जेल गेट पर पहुंचे। दोनों अफसरों के आने की सूचना मिलते ही जेल महकमे में हड़कंप मच गया। वे लाव लश्कर के साथ जेल के अंदर दाखिल हुए। अंदर पहुंचते ही डीएम व एसपी ने पुलिस की सात टीमों का गठन किया, जिसमें कुछ प्रशासनिक अफसर भी शामिल थे। सभी टीमों ने जेल की एक-एक बैरक की तलाशी ली। सभी बंदियों की तलाशी ली गई। इस दौरान जेल की तन्हाई बैरक में बंद चल रहे सपा विधायक आजम खां की भी बैरक को खंगाला गया।
आजम खां पिछले 26 महीनों से सीतापुर की जेल में बंद हैं। उन पर 87 मामले थे। जेल के जानकारों के अनुसार, 86 मामलों में जमानत हो चुकी है। एक मामला फंसा है। उसी में जमानत होना बाकी है। करीब एक घंटे तक जेल में तलाशी अभियान चलाया गया। डीएम-एसपी ने जेल के भोजनालय, अस्पताल आदि का बारीकी से निरीक्षण किया। सफाई-व्यवस्था भी देखी। डीएम-एसपी ने जेल अधीक्षक को व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने के आदेश दिए हैं। कहा है कि कहीं भी कोई गड़बड़ी न हो। सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रहे।
जेल अधीक्षक सुरेश सिंह ने बताया कि डीएम-एसपी ने करीब एक घंटे तक बैरकों और बंदियों की तलाशी कराई। ये रूटीन छापा था। हर माह होता है। जेल में बंद आजम खां की भी बैरक की तलाशी ली गई है। कहीं कोई गड़बड़ी नहीं मिली है। डीएम ने जेल की सफाई व्यवस्था को देखकर खुशी जताई।