अस्पतालों में तैनात डॉक्टरों व कर्मचारियों की गैरहाजिरी पर जल्द लगाम लग सकेगी। स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात डॉक्टरों की लेटलतीफी रोकने के लिए सीएमओ ध्रुवराज सिंह ने हाईटेक व्यवस्था का सहारा लिया है। अब सीएचसी व पीएचसी पर तैनात डॉक्टरों व कर्मचारियों की निगरानी वाट्सएप के माध्यम से होगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से सीएमओ ने एक ऐसा वाट्सएप ग्रुप तैयार किया है, जिसमें जिले के सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों को जोड़ा गया है।
अब स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी समय से अस्पताल पहुंचकर वहां के कर्मचारियों की हाजिरी लगाएंगे। इसके साथ ही अपनी सीट पर बैठकर एक फोटो खींचेंगे और कर्मचारियों की हाजिरी का ब्यौरा ग्रुप पर डालेंगे।
इस ग्रुप पर निगरानी करने के लिए एक अधिकारी भी तैनात करने की योजना है। वहीं समय-समय पर सीएमओ सच्चाई परखने के लिए क्रॉस चेकिंग भी करेंगे। सीएमओ का मानना है इस व्यवस्था के लागू होने से डॉक्टर व कर्मचारी यह झूठ नहीं बोल सकेंगे, कि वह अस्पताल में ही मौजूद हैं।
छुट्टी भी वाट्सएप पर
अब अस्पताल में तैनात कर्मचारियों को अवकाश लेने के लिए स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सीएमओ ने ड्यूटी की निगरानी के लिए जो वाट्सएप ग्रुप बनाया है, अब डॉक्टर से लेकर स्वास्थ्य कर्मी तक उस ग्रुप पर अवकाश का प्रार्थना पत्र डाल सकता है।
जिस पर सीएमओ छुट्टी देने का काम करेंगे। माना जा रहा है कि इस सिस्टम से अवकाश मांगने वाले डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मी प्रार्थना पत्र सीधे सीएमओ की नजर में रहेगा और सीएमओ को यह जानकारी भी रहेगी, कि किस दिन कितने डॉक्टर व कर्मचारी अवकाश पर हैं। सीएमओ का कहना है कि एक दिन में उतने ही लोगों को छुट्टी दी जाएगी, जिससे काम प्रभावित न होने पाए।