खैराबाद। मछरेहटा संपर्क मार्ग पर बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार दो बाइक टकरा गईं। हादसे में सहायक अध्यापक की मौत हो गई। दूसरा चालक अपनी बाइक मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
क्षेत्र के गौरैया के पास सहायक अध्यापक रमेश चंद्र गुप्ता (40) की बाइक को सामने से आ रही दूसरी तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। इससे रमेश गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उनको सीएचसी खैराबाद पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
साथी शिक्षकों ने बताया कि वह जनपद प्रतापगढ़ थाना सदर के मीरा भवन के रहने वाले थे। वर्तमान में वह विकासखंड मछरेहटा के प्राथमिक विद्यालय भाऊपुर में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। वह विद्यालय से शिक्षण कार्य समाप्त कर खैराबाद के मोहल्ला शांति नगर स्थित अपने किराये के कमरे पर लौट रहे थे। उसी दौरान यह हादसा हो गया। उन्होंने हेलमेट नहीं लगाया था।
इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि एक बाइक कब्जे में ले ली गई है। नंबर के आधार पर बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।