सीतापुर। जिले की पुलिस ने गैंगस्टर के आठ आरोपियों की अपराध से अर्जित करीब एक करोड़ 93 लाख की संपत्ति जब्त की है। पुलिस के मुुताबिक आरोपियों ने अपराध के जरिए संपत्ति को अर्जित किया है।
सीओ सदर प्रवीण यादव ने बताया कि बृजनगर थाना हरगांव निवासी रजनेश एक संगठित गिरोह बनाकर शराब की तस्करी करता है। इसके साथ थाना हरगांव के गांव ब्रजनगर निवासी रितेश, केसरवा निवासी विनीत, शिवम मिश्रा, थाना खैराबाद निवासी हरेंद्र, कोतवाली देहात निवासी हरपेन्द्र भी शामिल हैं।
इनके पास आय का कोई ज्ञात स्रोत नहीं था। इतनी पैतृक संपत्ति इतनी नहीं थी जिसकी आमदनी से वह इतने अल्प समय में इतनी मूल्यवान संपत्ति खरीद सकें। इनकी एक करोड़ 47 लाख 78 हजार 160 रुपये की संपत्ति को जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान इंस्पेक्टर मुकुल प्रकाश वर्मा, एसओ हरगांव बृजेश कुमार त्रिपाठी मौजूद रहे।
महमूदाबाद संवाद के अनुसार तहसीलदार मनीष कुमार ने बताया कि गैंग बनाकर शराब कारोबार में लिप्त रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के सधुवापुर निवासी सुनील जायसवाल का करीब 40 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित मकान तथा महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नूरपुर निवासी शमी अहमद का करीब साढ़े पांच लाख रुपये की लागत से बना मकान जब्त किया गया। इस दौरान कोतवाल विजयेन्द्र सिंह, कोतवाली प्रभारी बिसवां मनीष कुमार आदि मौजूद रहे।