संदना (सीतापुर)। गोंदलामऊ के आरओ भूमि संरक्षण अधिकारी राजित राम ने बताया कि करुवामऊ न्याय पंचायत के एआरओ की गुरुवार को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। परिसर को खाली करवाकर सैनिटाइज करवाया गया। इससे निर्वाचन संबंधी कार्य ठप हो गया है।
26 मार्च को न्याय पंचायत कुचलाई के एआरओ अखलाक अंसारी एवं न्याय पंचायत मुड़ियाकैल के एआरओ नन्दकिशोर ने आरओ राजित राम को खांसी, जुकाम से पीड़ित होने एवं कार्य न कर पाने का प्रार्थना पत्र दिया था।
इसके आधार पर आरओ ने जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजा था। दोनों एआरओ की बीमारी का हवाला देते हुए इनके स्थान पर अन्य एआरओ तैनात करने का अनुरोध किया गया, लेकिन इस पत्र पर कार्रवाई न होने पर 16 अप्रैल को दोबारा आरओ ने एक पत्र डीएम को लिखा। दोनों एआरओ को कार्यमुक्त नहीं किया गया। अब जांच में एआरओ पॉजिटिव मिले हैं।