रामपुर मथुरा/सीतापुर। बैठक के लिए जरूरी सदस्य संख्या (कोरम) पूरा न होने के कारण सोमवार को ब्लॉक सभागार में होने वाली बैठक अंतिम समय पर स्थगित करना पड़ी। हालांकि इस दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सहित कुछ लोग बैठक करवाने के लिए दबाव बनाने में जुटे रहे। लेकिन दो विधायकों की गैर मौजूदगी व कोरम पूरा न होने के कारण उनकी एक न चली।
ब्लॉक प्रमुख तारा देवी की अध्यक्षता में ब्लाक सभागार में समस्त क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक का आयोजन सोमवार को दोपहर 12 बजे होना प्रस्तावित था। बैठक में विधायक ज्ञान तिवारी व आशा मौर्या को भी आमंत्रित किया गया था। विधायक ज्ञान तिवारी ने बीडीओ रामपुर मथुरा से इस समय शहर के बाहर होने के कारण बैठक को स्थगित करने का आग्रह भी किया था।
विधायक आशा मौर्या भी वर्तमान में बाहर होने के कारण बैठक की तिथि आगे बढ़ाने का अनुरोध पहले ही कर चुकी थी। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिव कुमार गुप्ता अपने समर्थक बीडीसी व प्रधान को बुलाकर सोमवार को होने वाली बैठक का इंतजार करते रहे। खंड विकास अधिकारी ऐश्वर्य यादव भी ब्लॉक में मौजूद नहीं थे।
इस दौरान मौके पर एक चौथाई बीडीसी सदस्य भी मौजूद नहीं थे। खंड विकास अधिकारी ऐश्वर्य यादव ने बताया कि नियमानुसार हर तीसरे माह क्षेत्र पंचायत की बैठक होनी चाहिए। सोमवार को दो विधायकों के अनुरोध व बीडीसी सदस्यों का कोरम पूरा न होने के कारण बैठक को निरस्त करना पड़ा है।