रामकोट । रामनगर स्थित दीक्षा कौशल विकास केंद्र में शुक्रवार को रोजगार काउंसिलिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। रोजगार अधिकारी राहुल गोंड ने प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार अवसरों की जानकारी दी।
कार्यशाला में अजय वर्मा ने प्रतिभागियों को रोजगार संगम पोर्टल व सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही दीक्षा संस्था के प्रतिनिधि विमल त्रिपाठी ने बताया कि आज के समय में बाजार में रोजगार के बहुत से अवसर उपलब्ध हैं, बस आवश्यकता है कि हम जिस क्षेत्र में नौकरी करना चाहते हैं, उस क्षेत्र में अपने कौशल और ज्ञान को विकसित करें।
उन्होंने बताया कि डालमिया भारत फाउंडेशन के तहत प्रत्येक प्रशिक्षणार्थी को कम से कम दो रोजगार अवसर प्रदान किए जाते हैं, जिनमें 10 हजार से 25 हजार प्रति माह तक वेतन होता है। उन्होंने बताया कि 2025 में अब तक 217 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है, जिनमें से 70 प्रतिशत अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में सफल प्लेसमेंट किया गया है। (संवाद)