सीतापुर। शासन ने मंगलवार देर रात आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। पुलिस अधीक्षक सीतापुर चक्रेश मिश्र को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का एसपी बनाया गया है।वहीं, पुलिस अधीक्षक बांदा रहे अंकुर अग्रवाल को सीतापुर का नया एसपी बनाया गया है। अंकुर अग्रवाल 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वह मूल रूप से हरियाणा के अंबाला के निवासी हैं।
अंकुर अग्रवाल के आईपीएस बनने की कहानी भी बड़ी दिलचस्प है। उनकी प्राथमिक शिक्षा अंबाला से हुई। इसके बाद उन्होंने इलेक्ट्रिक एंड इलेक्ट्रॉनिक ट्रेड से बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की पढ़ाई और बंगलुरू में सॉफ्टवेयर कंपनी में लाखों के पैकेज पर नौकरी की। नौकरी के दौरान ही कंपनी ने उन्हें अमेरिका भेज दिया और वहां उन्होंने नौकरी के साथ ही यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी। अपने पहले ही प्रयास में आईपीएस बनकर देश सेवा का संकल्प लिया। अंकुर अग्रवाल की पत्नी वृंदा शुक्ला भी आईपीएस हैं। अंकुर और वृंदा ने प्राथमिक शिक्षा एक ही स्कूल से की है, इसके बाद दोनों एक दूसरे से अलग हो गए और वृंदा अमेरिका चली गईं। किस्मत ने एक बार फिर से पलटी मारी और अंकुर की कंपनी ने उन्हें भी अमेरिका भेज दिया। इसके बाद दोनों की मुलाकात हुई और दोनों ने यूपीएससी की परीक्षा पास करने का प्रण कर लिया। दोनों काम के साथ ही परीक्षा की तैयारी में जुट गए। वृंदा शुक्ला 2014 बैच की और अंकुर अग्रवाल 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। आईपीएस बनने के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला लिया और विवाह बंधन में बंध गए।