सीतापुर। करीब तीन माह पूर्व हुई अनीता नामक युवती की हत्या का कमलापुर पुलिस ने रविवार को खुलासा कर उसके प्रेमी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
अनीता की हत्या उसे भगा ले जाने वाले राजकुमार व उसके दोस्त नीरज ने ही गोली मारकर की थी और लाश जंगल में छिपाकर भाग गए थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त बाइक, तमंचा व मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया है।
इंस्पेक्टर कमलापुर आरवी सुमन ने बताया कि चार अप्रैल 2019 को कमलापुर इलाके के पीरनगर जंगल में हत्या कर फेंकी गई एक अज्ञात युवती की लाश मिली थी।
मृतका की पहचान कमलापुर इलाके के शाहपुर निवासी अनीता के रूप में की गई थी। इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम काम कर रही थी।
एएसपी महेंद्र प्रताप चौहान का कहना है कि कमलापुर पुलिस ने सर्विलांस की मदद से रविवार को घटना का खुलासा किया।
मामले में संदना के हिंडौरा के मूल निवासी व हाल पता रामकोट की कांशीराम कॉलोनी निवासी नीरज कुमार पुत्र रामविलास और हरदोई के अतरौली इलाके के रसूलपुर मजरा भटपुर गांव निवासी राजकुमार पुत्र परशुराम को कमलापुर के थानापट्टी मोड़ से गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक, एक देशी तमंचा व एक खोखा कारतूस, मृतका का क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं। खुलासा करने वाली पुलिस टीम में इंस्पेक्टर आरवी सुमन, रामऔतार सिंह, विनोद कुमार शर्मा, आरक्षी दीपक रंजन, उमेश आदि पुलिसकर्मी शामिल हैं।
एएसपी के मुताबिक राजकुमार पहले से शादीशुदा था। उसने अनीता से ये बात छिपाई थी। राजकुमार के साथ भागने के बाद अनीता को उसके शादीशुदा होने का पता चला तो वह भड़क गई।
वह राजकुमार को छोड़कर जाने और मामले की पुलिस से शिकायत करने की धमकी देने लगी। राजकुमार व उसके दोस्त नीरज ने पूछताछ में बताया कि अनीता द्वारा पुलिस से शिकायत करने के डर से उसकी हत्या करने की साजिश रची थी। इसी के तहत गोली मारकर हत्या के बाद उसका शव जंगल में छिपा दिया था।