कमलापुर(सीतापुर)। विद्युत उपकेंद्र बरई जलालपुर के सुजावलपुर गांव में पांच दिन बाद भी ट्रांसफॉर्मर बदला नहीं जा सका है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को उपकेंद्र का घेराव किया। बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अफसरों ने जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल करवाने का आश्वासन देकर किसी तरह उन्हें शांत कराया।
सुजावलपुर में पांच दिन से ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है। ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र बरई जलालपुर को इसकी सूचना दी। इसके अलावा उच्चाधिकारियों से भी इसकी शिकायत की, लेकिन पांच दिन बाद भी जब ट्रांसफार्मर बदला नहीं गया तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
उपकेंद्र पहुंचकर नारेबाजी शुरू कर दी। विवेक पांडेय ने बताया क्षेत्र में जंगली जानवरों की दहशत है। लेकिन सुजावलपुर गांव में अंधेरा छाया हुआ है। बिजली कर्मचारी फोन नहीं उठाते हैं विद्युत उपकेंद्र पर जिन अधिकारियों के नंबर लिखे हैं। वह सभी स्विच ऑफ जा रहे हैं। रजनीश प्रजापति ने बताया कि मलेरिया का प्रकोप चल रहा है। बिजली न आने से बच्चे सो नहीं पाते हैं। जेई फोन नहीं उठा रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है।