हंगामा कर रहे लोगों को समझाते पुलिस कर्मी।
महोली। बढ़ैया गांव में शनिवार शाम रास्ते के विवाद में हुई कहासुनी के बाद चाचा ने बेटों संग मिलकर भतीजे की पीटकर हत्या कर दी। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने महोली-हरगांव मार्ग पर शव पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। नाराज लोग आरोपियों का घर गिराने की मांग करने लगे। डेढ़ घंटे बाद पुलिस के समझाने पर अंतिम संस्कार हो सका।
रूपेश के अनुसार शनिवार शाम रास्ते के विवाद को लेकर डाकिया एक समन लेकर उनके पास आया था। कौशल समन ले रहे थे। तभी चाचा शिवनाथ के बेटे राकेश उनके भाई का वीडियो बनाने लगे। कुछ देर बाद कौशल (35) चारा डालने के लिए चले गए, तभी घात लगाए बैठे चाचा शिवनाथ व बेटे प्रमोद, राजेश, राकेश, प्रमोद की पत्नी गुड़िया व गुड़िया का बेटा युगांक कौशल को पीटने लगे।
इलाज के लिए लखनऊ पहुंचने से पहले ही रास्ते में कौशल ने दम तोड़ दिया। सीओ नागेंद्र चौबे ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। राजेश व गुड़िया को छोड़ अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। हिंदू शेर सेना के अध्यक्ष विकास हिंदू भी कौशल के घर पहुंचे। (संवाद)