महमूदाबाद/रामपुर कलां। रामपुर कलां में 18 दिन पहले दुर्घटना में घायल युवक की मौत के बाद शुक्रवार को परिजनों ने शव रखकर प्रदर्शन किया। बेहमा चौकी के पास प्रदर्शन करते हुए परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों को छोड़ने व कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। पड़ोसी थानाध्यक्षों के समझाने पर परिजन माने और दो घंटे बाद शव को सड़क से हटाया।
ऊंचागांव निवासी गया प्रसाद (42) दो जून को अपने भांजे के साथ घर से सिधौली जा रहे थे। इस दौरान बेहमा-ऊंचागांव मार्ग पर पीएचसी के सामने तेज गति से आ रही वैन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह घायल हो गए थे। गया प्रसाद का इलाज मेडिकल काॅलेज में चल रहा था, जहां शुक्रवार सुबह पांच बजे मौत हो गई।
परिजनों ने रामपुर कलां पुलिस पर पैसे लेकर दुर्घटना को अंजाम देने वाली वैन को छोड़ने व एफआईआर दर्ज न करने का आरोप लगाते हुए बेहमा चौकी के पास चौराहे पर शव रखकर मार्ग जाम करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। सिधौली इंस्पेक्टर बलवंत शाही, अटरिया थानाध्यक्ष रोहित दुबे मौके पर आ गए, उन्होंने परिजनों को समझाना शुरू किया।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एफआईआर की काॅपी मौके पर परिजनों को दी गई। जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
थानाध्यक्ष उमेश चौरसिया ने बताया कि मृतक की पत्नी गायत्री देवी की तहरीर पर अज्ञात वैन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।