हिंदू कन्या महाविद्यालय में स्नातक में एडमिशन न मिलने से नाराज छात्राओं ने सोमवार को जमकर हंगामा काटा। छात्राओं का कहना है कि मेरिट में नाम होने के बाद भी एडमिशन नहीं मिला।
काउंसलिंग वाले दिन ही सूचना दी गई। दूरदराज के इलाकों में रहने वाली कई छात्राएं कॉलेज नहीं पहुंच पाईं। छात्राओं का आरोप है कि प्राचार्या ने चहेतों का एडमिशन करने के लिए ऐसा किया।
हिंदू कन्या महाविद्यालय में मेरिट के आधार पर स्नातक व परास्नातक में प्रवेश प्रक्रिया अपनाई गई थी। छात्राओं का कहना है कि बीए व एमए की जुलाई माह में मेरिट जारी की गई थी।
महाविद्यालय प्रशासन ने एसएमएस के माध्यम से काउंसलिंग की तिथि व समय की जानकारी देने की बात कही थी। 31 जुलाई को काउंसलिंग की अंतिम तिथि थी। दो बजे तक बुलाया गया था, लेकिन एसएमएस उसी दिन डेढ़ बजे मिले।
जबकि महमूदाबाद, रामपुर मथुरा, बिसवां, रेउसा, लहरपुर, तंबौर आदि दूरदराज इलाकों की छात्राओं के नाम मेरिट में थे। छात्राओं का आरोप है कि चहेतों को एडमिशन दिलवाने के लिए 100 छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ किया गया है।
उधर, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ने छात्राओं के साथ प्राचार्य से वार्ता की। विनीत का कहना है कि प्राचार्या ने अभी तक कोई आश्वासन नहीं दिया है।