सीतापुर में बीएसए पिटाई मामले की जांच करने एडी बेसिक स्कूल पहुंचे। उन्होंने बच्चों, ग्रामीणों और स्टाफ से बात करके जानकारी ली। इस दौरान प्रधानाचार्य के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे कई बच्चे बेहोश हो गए। आगे पढ़ें और जानें पूरा मामला...
यूपी के सीतापुर में प्रधानाचार्य और बीएसए के बीच का मामला बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार को एडी बेसिक जांच के लिए स्कूल पहुंचे। छात्र- छात्राओं ने प्रधानाचार्य के साथ न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान गर्मी से कई बच्चे बेहोश भी हो गए। उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता दी गई।
विज्ञापन
मामला महमूदाबाद क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय, नदवा का है। यहां के प्रधानाचार्य ब्रजेंद्र वर्मा द्वारा बीएसए पर बेल्ट से हमला करने के मामले की जांच के लिए एडी बेसिक श्याम किशोर तिवारी पहुंचे। उन्होंने बच्चों और ग्रामीणों से बात करके जनकारी ली। साथ ही स्कूल के स्टाफ से भी बात की।
इस दौरान प्रधानाचार्य के समर्थन में प्रदर्शन कर रही प्रीति पुत्री दिनेश, नरेंद्र कुमार पुत्र राम मनोरथ और सुनैना देवी पुत्र शैलेश कुमार बहोश हो गईं। एडी बेसिक के निर्देशन पर उन्हें तत्काल चिकित्सीय सहायता दी गई।
एकतरफा दोषी ठहराना न्यायोचित नहीं- मंत्री आशीष पटेल
मामले में प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि शिक्षक प्रकरण बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। ब्रजेंद्र वर्मा कर्मठ, ईमानदार और नियमित विद्यालय जाने वाले शिक्षक थे। उनको इस हद तक प्रताड़ित किया गया कि उन्होंने अपना आपा खो दिया। मात्र 20 सेकंड की वीडियो क्लिप के आधार पर शिक्षक को एकतरफा दोषी ठहराना न्यायोचित नहीं है।
'घटना की निष्पक्ष जांच होगी...'
बीएसए ऑफिस में प्रवेश करने से लेकर अंत तक की सारी सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन के आधार पर दोषी पर कार्रवाई होनी चाहिए। आखिर कौन सी परिस्थितियां उत्पन्न हुईं, जिससे एक शिक्षक यह कृत्य करने पर मजबूर हुआ। इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए। इस संबंध में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से भी बात हुई है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि घटना की निष्पक्ष जांच होगी। प्रकरण में जो भी दोषी होगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।