आचार्य नरेंद्र देव स्मृति पार्क के निर्माण को अब रफ्तार मिलेगी। अभी तक अधर में अटके इस पार्क को प्रदेश के सालाना बजट में शामिल करते हुए 10 करोड़ रुपये दिए हैं। 20 हेक्टेअर के दायरे में लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क की तर्ज पर इसे विकसित किया जाएगा।
इलसिया वनोद्यान के भू-भाग पर बनाए जाने वाले पार्क में कई सुविधाएं होंगी। शहर के इलसिया वनोद्यान के भू-भाग पर आचार्य नरेंद्र देव स्मृति पार्क विकसित किया जाना है। वन विभाग ने इसके लिए 90 करोड़ रुपये के बजट का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन शासन ने बजट कम करने के निर्देश दिए।
जिसके बाद 34.80 करोड़ रुपये के बजट का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया। बजट न मिलने से पार्क का निर्माण अटका हुआ था। शुक्रवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश के सालाना बजट में आचार्य नरेंद्र देव स्मृति पार्क को 10 करोड़ रुपये दिए जाने का ऐलान किया हैं।
जिसके बाद पार्क का निर्माण जल्द शुरू होने की आस जगी है। एसडीओ राकेश बताते हैं कि लखनऊ में बने जनेश्वर मिश्र पार्क की तर्ज पर आचार्य नरेंद्र देव स्मृति पार्क बनाया जाएगा।
सबसे पहले बाउंड्री, मुख्य द्वार, रिसेप्शन काउंटर का निर्माण होगा। इसके अलावा चिल्ड्रेन पार्क का सौंदर्यीकरण कराते हुए खूबसूरत लॉन बनाया जाएगा। जिसमें फौव्वारे के साथ लाइटिंग का इंतजाम रहेगा।