रेउसा के सरैया भठपुरवा गांव में चिकनपॉक्स फैल गया है। गांव के 36 लोग इस बीमारी की चपेट में हैं। सूचना पर चिकित्सकों की टीम गांव पहुंच गई है। मरीजों का चेकअप कर उन्हें इलाज दिया गया।
वहीं गांव के अन्य लोगों को भी बीमारी से बचने के उपाय बताए गए। सरैंया भठपुरवा गांव में पहले नसीम की पुत्री कमरीन (8) के शरीर पर दाने पड़े थे। उसे बुखार भी आ रहा था।
परिवार ने ध्यान नहीं दिया। इस बीच बीमारी ने पांव पसारना शुरू कर दिया। गांव के नसीर के पुत्र कफील (6), तौकीर का पुत्र तौफीक (10) इंसान (8) समेत 36 से अधिक लोग प्रकोप से ग्रसित हैं।
इन सभी के शरीर पर दाने पड़ गए और उन्हें बुखार आ रहा है। उधर, रेउसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बीमारी फैलने की सूचना मिलते ही डॉ. विशाल गुप्ता के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम गांव पहुंची।
यहां पर मरीजों की जांच के बाद चिकित्सकों ने चिकनपॉक्स की पुष्टि की। चिकित्सकों ने 36 लोगों की जांच की और उन्हें दवाएं दीं।
चिकित्सकों ने गांव के लोगों को साफ-सफाई से रहने की बात कही और मरीजों से एहतियात बरतने को कहा। चिकित्सकों ने कहा कि जिन लोगों को चिकन पाॅक्स हुआ है वे परिवार के अन्य सदस्यों के संपर्क में कम रहें।