दीपेंद्र की फाइल फोटो व मौके पर पड़ा मलबा। संवाद
महोली। प्यारेपुर गांव में पुराने मकान की छत तोड़ रहे एक मजदूर की मलबे में दबकर मौत हो गई। उनके साथ काम कर रहे तीन अन्य मजदूर भी घायल हो गए। पुलिस ने सभी को सीएचसी में भर्ती कराया है। छहेलिया गांव निवासी दीपेन्द्र कुमार (35) बृहस्पतिवार सुबह पड़ोसी गांव प्यारेपुर में रामनाथ के पुराने मकान को तोड़ने के लिए अपने गांव के ही नैमिष (25), श्रीकांत (20) व मुन्ना (45) के साथ मजदूरी पर गए थे।
वहां सभी लोग एक पुराने कमरे की छत को तोड़ रहे थे। अचानक कमरे की छत भरभराकर गिर गई, इसके मलबे में सभी मजदूर दब गए। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने सभी मजदूरों को मलबे से बाहर निकालकर सीएचसी में भर्ती कराया। वहां परीक्षण के बाद चिकित्सक ने दीपेंद्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि बाकी तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया। इंस्पेक्टर जेबी पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, तहसीलदार अंकुर यादव ने बताया कि कानूनगो संजीव मिश्रा व राजस्व लेखपाल विनीत अवस्थी को मौके पर भेजकर पूरे मामले की जांच करवाई गई है।
दीपेंद्र की फाइल फोटो व मौके पर पड़ा मलबा। संवाद