रमुआपुर गांव में एलटी लाइन पर हाईटेंशन तार गिरने से जलता केबल।
- फोटो : रमुआपुर गांव में एलटी लाइन पर हाईटेंशन तार गिरने से जलता केबल।
पिसावां। इलाके के रमुआपुर गांव में सोमवार को बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई। हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। इससे 20 घरों के इलेक्ट्राॅनिक उपकरण फुंक गए। करीब आधा घंटे तक पूरे गांव की जगह-जगह लाइन जलने के साथ धमाके सुनाई दिए। खंभे के पास बंधे एक गोवंश की करंट लगने से मौत हो गई। पीड़ित ने गोवंश का पोस्टमार्टम कराते हुए तहरीर दी।
गांव के अरविंद सिंह व कुमुद सिंह ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे हाईटेंशन तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। पूरे गांव की लाइन में हाई वोल्टेज करंट दौड़ गया। गांव में बिछी लाइन में तेज रोशनी के साथ धमाके सुनाई दिए। इसी के साथ ही घरों के इलेक्ट्राॅनिक उपकरण टीवी, फ्रिज, कूलर, बल्ब फुंक गए। घबराए ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। विद्युत उपकेंद्र व अवर अभियंता को फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। गांव में आग लगने की आशंका पर ग्रामीणों ने खुद ही साहस जुटाया। सूखी लकड़ी से हाईटेंशन तार को हटाया। गांव में एक खंभे के पास छोटकन्ने का गोवंश करंट की चपेट में आकर मर गया। एसडीओ अमित कुमार द्विवेदी ने बताया कि उपकरण नहीं जले हैं। करंट से गोवंश की मौत हुई है। बिजली लाइन को दुरुस्त कराया जा रहा है।