सीतापुर। परसेंडी ब्लॉक की ग्राम पंचायत रिखौना के प्रधान और तीन ग्राम विकास अधिकारियों के विरुद्ध तालगांव थाने में एडीओ पंचायत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। बीते माह डीएम अभिषेक आनंद ने एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए थे। प्रकरण में फर्जी दस्तावेज तैयार कर विकास मद की धनराशि के गबन का आरोप है।
ग्राम पंचायत रिखौना के निवासी ध्रुव कुमार शुक्ला और नरेश अवस्थी ने विकास मद की धनराशि का दुरुपयोग करने की शिकायत डीएम से की थी। प्रारंभिक जांच में प्रधान और सचिवों को दोषी पाया गया था। इस आधार पर प्रधान के प्रशासनिक और वित्तीय अधिकार सीज किए गए थे। इसके बाद अंतिम जांच में भी प्रधान कमरजहां और ग्राम विकास अधिकारी प्रेयस गहोई, सुरेश चंद्र वर्मा और ओम प्रकाश को दोषी पाया गया। यह भी पाया गया कि विकास की धनराशि का गबन करने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार कर जांच अधिकारी को दिए गए।
इसके आधार पर डीएम प्रधान को पद से हटाने के साथ तीनों ग्राम विकास अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर कराने के आदेश बीते माह दिए थे। एडीओ पंचायत परसेंडी ने तालगांव थाना में एफआई दर्ज कराई है।