सीतापुर। ठंड का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोहरा और शीतलहर से एकाएक सिहरन बढ़ गई। शनिवार को जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से निकले। बाजारों में भी सन्नाटा दिखा। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 24 घंटोंे में कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। छह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर किया।
शनिवार सुबह लोग सोकर उठे तो घने कोहरे की चादर छाई हुई थी। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा कम हो गया, लेकिन ठंड व गलन से राहत नहीं मिली। तेज हवा चलने से धूप का असर न के बराबर था। दोपहर बाद धूप भी कमजोर पड़ गई। इस बीच चली तेज हवा से एकाएक सिहरन बढ़ गई। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से निकले। बाजारों में भी सन्नाटा दिखा। शाम को गलन बढ़ने से जगह-जगह लोग अलाव के पास बैठे दिखे। शनिवार को न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। छह किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा ने परेशान किया। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 21 डिग्री व न्यूनतम तापमान 9 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।