खैराबाद (सीतापुर)। मानपुर में स्कूली टैम्पो से गिरकर एक मासूम की मौत हो गई। हादसे के वक्त टैम्पो में गांव के चार अन्य बच्चे भी सवार थे। घटना के समय सभी स्कूल जा रहे थे। आसपास के लोगों के मुताबिक पुलिया के टिकट अचानक टैम्पो मुड़ने से बच्ची का संतुलन बिगड़ गया और चलती टैम्पो से वह नीचे गिर गई।
मिर्जापुर निवासी अवधेश कुमार मिश्र की चार वर्षीय पुत्री स्वाती खैराबाद के हटौरा स्थित ब्राइट सर्किल स्कूल में यूकेजी की छात्रा थी। शुक्रवार सुबह वह गांव के चार अन्य बच्चों के साथ विद्यालय के ही एक टैम्पो पर सवार होकर स्कूल जा रही थी। ग्रामीणों की मानें तो टैम्पो में टेप रिकॉर्डर भी बज रहा था। बच्चों को लेकर टैम्पो गांव से कुछ दूर निकल गई। गाड़ी जैसे ही सरैंया बन्नी बाजदार पुलिया के पास मोड़ पर पहुंची, स्पीड अधिक होने से उसमें सवार स्वाती अपना संतुलन खो बैठी और चलती टैम्पो से नीचे गिर गई। स्वाती के जमीन पर गिरते ही आसपास के लोगों ने शोर मचाया, तो चालक ने वाहन रोका। गंभीर हालत में उसे ग्रामीणों ने घर पहुंचाया। सिर और नाक से काफी खून बह रहा था। जब तक परिजन अस्पताल ले जाते अत्याधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने स्कूल के प्रबंधक अशरफ सईद को हादसे की खबर दी। कुछ ही देर में वह विद्यालय के स्टाफ के साथ स्वाती के घर पहुंच गए। बच्ची की मौत से घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल था। स्वाती का बड़े भाई प्रशांत भी अपने आंसू नहीं रोक पा रहा था। पिता अवधेश मिश्रा ने बताया कि टैम्पो शाहिद चला रहा था। उन्होंने इसे हादसा बताते हुए किसी भी तरह की कार्रवाई से इनकार कर दिया।