सवा लाख कैश, टेबलेट व मोबाइल ले उड़े नकाबपोश बदमाश
महोली (सीतापुर)। एक निजी कंपनी का पैसा वसूल कर स्कूटी से आ रही महिला कर्मी को ओवरटेक कर बाइक सवार नकाबपोश लुटेरों ने महोली-पिसावां मार्ग पर रोक लिया। इसके बाद लुटेरों ने महिला कर्मी को धमकाकर करीब सवा लाख की नकदी, टेबलेट, मोबाइल आदि लूट लिया और पिसावां की ओर भाग निकले।
घटना के बाद पीड़ित महिला ने राहगीरों की मदद से पुलिस बुलाई। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। महोली कस्बे के भट्ठा मोहल्ला निवासी दामिनी वर्मा ने बताया कि वह कस्बे में ही एक निजी कंपनी में काम करती है। उसी कंपनी का पैसा वसूलने के लिए वह पिसावां क्षेत्र में गई थी।
वसूली करके वह स्कूटी से वापस महोली आ रही थी। जब वह महोली-पिसावां मार्ग पर सरदारनगर के पास पहुंची, तभी पीछे से जा रहे बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक कर बाइक उसके आगे लगा दी। जिससे वह गिरते-गिरते बची और रुक गई।
उसके रुकते ही बाइक सवार बदमाशों ने उसको जान से मारने की धमकी दी और करीब सवा लाख कैश, टेबलेट व मोबाइल सहित पूरा बैग लूट कर भाग निकले। वारदात के बाद उसने राहगीरों की मदद से पुलिस को सूचना दी।
खबर पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटना को लेकर सीओ सदर महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। कोतवाल को जांच के लिए भेजा गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।