दोनों घटनाओं में परिवारीजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर कर दी शवों की अंत्येष्टि
सदरपुर/लहरपुर (सीतापुर)। सदरपुर थाना क्षेत्र में हाईटेंशन करंट की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक बुरी तरह झुलस गया। उसको नाजुक हालत में एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, लहरपुर कोतवाली क्षेत्रों में करंट की चपेट में आकर एक ऑटो चालक की मौत हो गई। दोनों ही घटनाओं में परिवारीजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शवों की अंत्येष्टि कर दी है।
सदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सरैंया चलाकापुर निवासी गंगाराम (18) मजदूरी करने के लिए गांव के अमीन (35) के घर गया गया था। बताते हैं कि गांव के बीच से होकर हाईटेंशन तार गुजरे हैं। यहां पर काम करते समय अचानक गंगाराम के हाथ मौजूद सरिया ऊपर से गुजरे बिजली के तार से टकरा गया।
इससे गंगाराम करंट की चपेट में आकर चिपक गया। यह देख गृहस्वामी अमीन उसे बचाने का प्रयास करने लगा। इससे अमीन भी चिपक गया। वहां मौजूद अन्य ग्रामीणों ने सूखे बांस की मदद से सरिया को तार से अलग किया। लेकिन तब तक गंगाराम की झुलसकर मौत हो चुकी थी। जबकि अमीन बुरी तरह से झुलस गया।
अमीन को क्षेत्र के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लोखरिया पुरवा निवासी शकील (25) ऑटो चलाकर परिवार का खर्च उठाता था। बुधवार की रात वह ऑटो को चार्ज कर रहा था। बताते हैं कि इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया।
घटना रात के वक्त की है, इस वजह से परिवार को भी जानकारी नहीं हो सकी। नतीजा शकील की करंट की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई। इधर जब परिवारीजनों को जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव की अंत्येष्टि कर दी।