लाशों के बगल से तमंचा व कारतूस बरामद, 25 जून को घर से निकले थे दोनों
सीतापुर/मछरेहटा। रामकोट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को प्रेमी युगल के शव गन्ने के एक खेत में पड़े मिले। शवों के बगल से पुलिस ने तमंचा व एक कारतूस बरामद किया है। बताया जा रहा कि दोनों 25 जून को अपने घरों से लापता हो गए थे। इस मामले में लड़की पक्ष ने युवक समेत तीन लोगों के खिलाफ गुरुवार को ही बहला फुसलाकर भगा ले जाने का केस दर्ज कराया था।
दोनों शव इस कदर सड़ चुके थे कि यह जान पाना मुश्किल था कि प्रेमी युगल ने आत्महत्या की है या फिर किसी ने हत्या करने के बाद दोनों शवों को वहां पर फेंक दिया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रामकोट के सकरापुर निवासी कुछ ग्रामीण शुक्रवार को जानवरों के लिए घास लेने खेतों की तरफ गए थे।
इसी बीच उन्होंने खेत में युवक व युवती के शव पड़े देखे। खबर फैलते ही आसपास के कई गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए। वहां पहुंचे सकरापुर गांव के हरीश के परिवार ने युवती के शव की शिनाख्त हरीश की पुत्री रुचि मिश्रा (20) व सुभाषचंद्र पांडेय के परिवार ने युवक के शव शिनाख्त सुभाषचंद्र के पुत्र सुनीत पांडेय उर्फ राजन (22) के रूप में की।
सूचना मिलते ही एएसपी मधुबन सिंह, सीओ योगेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। पुलिस ने शवों के करीब से एक तमंचा मय कारतूस के बरामद किया है। तमंचा मिलने से लोग संदेह जता रहे हैं कि शायद प्रेमी युगल ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली हो।
लेकिन पुलिस का कहना है कि मौके पर ऐसे कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं जिससे ये निष्कर्ष निकल सके कि घटना हत्या है या आत्महत्या। पुलिस का कहना है कि शव इतनी बुरी तरह से सड़ चुके हैं कि न तो जख्म प्रतीत हो रहे हैं और न ही शव के कई अंग। पुलिस घटना के हर पहलू को ध्यान में रखकर पड़ताल में जुटी हुई है।
थानाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उसके ही आधार पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा। मामले में पुलिस जहां सच्चाई को लेकर उलझी हुई है, वहीं क्षेत्र के नागरिक तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
दो प्रेम पत्र भी मिले
प्रेमी युगल के जहां शव बरामद हुए हैं, वहीं पुलिस ने प्रेमी की जेब से दो पत्र बरामद किए हैं। दोनों पत्रों को प्रेमी के कपड़ों से बरामद किया गया है। इन पत्रों में क्या लिखा है पुलिस यह नहीं बता रही है। इतना जरूर कहा गया है कि दोनों पत्र प्रेम पत्र थे। इन पत्रों में क्या लिखा है यह जानने के लिए हर कोई बेताब नजर आ रहा था।
एक दिन पहले ही दर्ज कराई गई थी रिपोर्ट
पुलिस की माने तो रुचि मिश्रा व राजन गत 25 जून की रात से लापता हो गए। इसके बाद 28 जून को रुचि मिश्रा के परिवारीजनों ने युवक राजन, उसके भाई व मां के खिलाफ रामकोट थाने में तहरीर दी। पुलिस ने इसके आधार पर बहला फुसलाकर भगा ले जाने का केस दर्ज कर रखा है।
ऑनर किलिंग का संदेह
सकरापुर गांव के निकट खेत में प्रेमी युगल के शव मिलने के बाद क्षेत्र के नागरिक संदेह जता रहे हैं कि कहीं यह घटना ऑनर किलिंग तो नहीं है। वजह यह है कि घटनास्थल से पुलिस को एक तमंचा बरामद हुआ है। इसको लेकर चर्चाएं तेज हैं।
हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंच पा रही है। पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि घटना के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। यह भी हो सकता है कि दोनों ने आत्महत्या की हो और यह भी हो सकता है कि दोनों की किसी ने हत्या कर दी हो।