आम आदमी से लेकर हर संगठन ने सड़क पर उतरकर जताया विरोध
सीतापुर। जम्मू कश्मीर में भारतीय सेना पर हुए आतंकवादी हमले पर सामाजिक संगठनों ने जमकर आक्रोश जताया। पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करके पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री से इस हमलों का पाकिस्तान को करार जवाब देने की मांग की।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा सीतापुर ने लालबाग चौराहे पर पाकिस्तान का पुतला फूंका। जिलाध्यक्ष प्रभाकर सिंह चौहान ने कहा कि पाकिस्तान एक जहरीला सांप है। जिसको कुचलना ही एक विकल्प है। क्योंकि इस तरह की हरकतें वह लगातार करते चला आ रहा है।
सब्र की भी एक सीमा होती है। अब वक्त आ गया है कि भारत सरकार अंतर्राष्ट्रीय दबाव को दरकिनार करते हुए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे। आजाद हिन्द भगत दल, पतंजलि योगपीठ, क्षत्रिय महासभा, लायन्स क्लब सीतापुर, सभी पत्रकार संगठन, बजरंग दल एवं नागरिकों ने इस हमले का कड़ा विरोध किया।
भारत माता के जयकारे के बीच जुलूस निकालकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का लालबाग चौराहे पर पुतला जलाया। आतंकवाद के विरुद्ध विरोध दर्ज कराया। विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।
जिलाध्यक्ष विपुल सिंह ने कहा कि सीआरपीएफ के काफिले पर यह हमला निंदनीय है। यह भारत के विरुद्ध पाकिस्तान द्वारा सीधे युद्ध की घोषणा है। जिसका प्रचंड मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। जिस तरह पूर्व में पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक की गयी थी। उसी तरह एक बार फिर कार्रवाई करने की आवश्यकता है।
शहर में बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने लालबाग चौराहे पर पाकिस्तान का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री से पाकिस्तान को करार जवाब देने की मांग की। इस अवसर पर बार अध्यक्ष हरीश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। वही सिधौली में विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल ने पाक पीएम का पुतला फूंककर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर प्रदीप शुक्ल, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, बच्चे प्रसाद बाजपेई, कमल पांडेय, कृष्ण चन्द्र बाजपेई, रामखेलावन आदि मौजूद रहे। इसी प्रकार हरगांव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने इस हमले के विरोध में शुक्रवार को कस्बे में नारेबाजी करते हुए पाकिस्तान का पुतला जलाया।
नगर मंत्री आकाश अवस्थी ने कहा पाकिस्तान ऐसे बाज आने वाला नहीं है। यह एक सर्जिकल स्ट्राइक से सुधारने वाला नहीं है। हमारे जवान रोज शहीद हो रहे हैं। इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। हमारे 44 जवानों के बदले में 400 पाकिस्तानी आतंकियों के सिर चाहिए।
पूरा देश एक साथ शहीदों के परिवार के साथ खड़ा है। इस मौके पर चंद्र प्रकाश, देवेश, गौरव, भरत, गोपाल, शोभित, अंकित आदि मौजूद रहे। इसी तरह पूरे जिले में कई जगहों पर इस घटना का पुरजोर विरोध हुआ।