गांव के करीब जलाशय में डूबने से मौत की आशंका
पिसावां (सीतापुर)। थाना इलाके में सप्ताहभर से लापता एक बच्चे का शव रविवार को तालाब से बरामद किया गया। मृतक के घरवालों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर उसका अंतिम संस्कार कर दिया है। क्षेत्र के खजुन्ना गांव में रहने वाला रमेश हरदोई में रिक्शा चलाता है।
विगत 2 दिसंबर को वह घर से हरदोई के लिए निकला तो पीछे-पीछे उसका पांच साल का बेटा सत्यवीर भी तिराहे तक चला गया। बताते हैं कि तिराहे से ग्रामीणों ने बच्चे को रोककर घर वापस जाने को कहा। लेकिन बच्चा जब काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश शुरू की गई।
बच्चे का कहीं कोई पता नहीं चला तब उसके पिता को सूचना दी गई। हर संभावित ठिकाने पर तलाश के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला। रविवार की सुबह गांव के करीब तालाब के किनारे कुछ बच्चे गिल्ली-डंडा खेल रहे थे। उनकी गिल्ली तालाब में चली गई और वह उसे निकलने गए, तभी उनकी नजर सत्यवीर के शव पर पड़ी।
बच्चों ने गांव में खबर दी। ग्रामीणों ने शव को तालाब से बाहर निकाला। यह तालाब तिराहे और गांव के बीच में होने से सत्यवीर की डूबकर मौत की संभावना जताई जा रही है। मृतक के घरवालों ने प्रधान से पंचनामा करवाते हुए पुलिस को सूचना दिए बगैर शव दफना दिया है। थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने घटना से अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि यदि तहरीर मिलेगी तो उसके अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
पेड़ पर लटकी मिली युवक की लाश
महोली। कोतवाली इलाके में एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटक मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्र के मुड़िया गांव में रहने वाले संदीप राठौर (18) पुत्र मल्हरू की शनिवार शाम किसी बात पर घरवालों से कहासुनी हो गई।
इससे नाराज होकर वह घर से निकल गया। देर रात तक उसके वापस न लौटने पर घरवालों ने तलाश शुरू की। रविवार की सुबह घर के पीछे बाग में आम के पेड़ से रस्सी के सहारे संदीप का शव फंदे पर लटकता पाया गया। मृतक के परिवारीजन घटना को आत्महत्या बता रहे हैं।