ट्रेन में सफर के दौरान खिलाया नशीला पदार्थ, जिला अस्पताल में भर्ती
सीतापुर। ट्रेन में सफर कर रहे बहराइच जिले के एक किशोर को जहरखुरानी गिरोह ने बेहोश करके लूट लिया। पीड़ित किशोर कैंट रेलवे स्टेशन के निकट बेहोश पड़ा मिला। जिसको पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि वह पंजाब से वापस अपने घर जा रहा था।
बहराइच जिले के बौड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम दुखीराम का पुत्र अरविंद कुमार (16) काम करने के लिए पंजाब गया था। बताते हैं कि करीब 3 माह बाद वह पंजाब के जालंधर से घर के लिए निकला। वह जिस ट्रेन में सवार हुआ, उसमें जहरखुरानी गिरोह मौजूद था।
जहरखुरानों ने किसी तरह से अरविंद को नशीला पदार्थ खिला दिया। उसके बेहोश होते ही जहरखुरान उसके पास मौजूद मोबाइल फोन व नकदी लेकर निकल भागे। इधर ट्रेन जब सीतापुर के कैंट स्टेशन पर पहुंची। तब यात्रियों ने जीआरपी को सूचना दी कि एक यात्री बेहोश पड़ा हुआ है। इसके बाद जीआरपी ने उसे ट्रेन से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
यहां पर डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया। थोड़ा होश आने पर अरविंद ने बताया कि जहरखुरान उसका मोबाइल फोन व करीब 10 हजार की नकदी ले गए हैं। अस्पताल चौकी प्रभारी जगत बहादुर सिंह ने बताया कि किशोर के परिवारीजनों को सूचना दे दी गई है, वे बहराइच से चल भी चुके हैं। जल्द ही वे सीतापुर अस्पताल आ जाएंगे।