हरगांव (सीतापुर)। लखीमपुर-सीतापुर मार्ग पर भारतीय स्टेट बैंक के सामने सोमवार दोपहर को एक बाइक सवार ने एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे में बाइक सवार भी जख्मी हो गया।
आननफानन स्थानीय लोगों ने दोनों को सीएचसी हरगांव ले गए, जहां पर बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
हरगांव थाना क्षेत्र में थाना इमलिया सुल्तानपुर के ग्राम नरवाहनपुर निवासी गिरधारी लाल (70) अपने निजी कार्य से चीनी मिल की तरफ जा रहे थे। तभी स्टेट बैंक हरगांव के पास पीछे से मोटर साइकिल सवार ने जोरदार टक्कर मार दी।
जिससे बुजुर्ग व बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय नागरिकों ने गिरधारी लाल व बाइक सवार रियाजनिवासी काजी टोला को सीएचसी हरगांव में भर्ती कराया।
जहां डॉक्टर ने गिरधारी लाल मृत घोषित कर दिया। रियाज का इलाज चल रहा है। सूचना पाकर पहुंची थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है।बाइक को भी कब्जे में ले लिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि अभी किसी भी तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।