हाईवे के किनारे मिला युवती का शव
कमलापुर। थाना क्षेत्र में पुलिस ने हाईवे के किनारे से एक युवती का शव बरामद किया है। क्षेत्र के नागरिक हत्या कर शव फेंके जाने का संदेह जता रहे हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
ग्राम सुरैंचा के कुछ ग्रामीण मंगलवार सुबह टहलने निकले। इसी बीच उन्होंने गांव के करीब से गुजरे राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे एक युवती का शव पड़ा देखा।
युवती ने नीली जींस, काली, लाल, पीली धारीदार स्वेटर, जैकेट पहन रखी थी। उसकी उम्र 25 वर्ष के करीब बताई जा रही है।
क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि युवती आसपास क्षेत्र की निवासी नहीं है। जिसकी वजह से उसकी शिनाख्त नहीं हो पा रही है।
क्षेत्र के नागरिकों ने संदेह जताया है कि अज्ञात हत्यारों ने उसकी हत्या करने के बाद शव को यहां फेंका है। थानाध्यक्ष एके सिंह ने बताया कि शरीर पर कोई जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले हैं।
युवती के शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। मृत्यु का कारण स्पष्ट करने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।