सीतापुर। जिले के करीब 712 परिषदीय विद्यालयों ने यू डायस पोर्टल पर छात्र डाटा अपडेट नहीं किया है, जिस पर बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने नाराजगी जताई है। उन्होंने प्रधानाध्यापकों को दो दिन के भीतर यह कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
यू डायस पोर्टल पर विद्यालयों में पढ़ने वाले नौनिहालों का डाटा ऑनलाइन भरना होता है। इसे भरने व संशोधित करने की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक की होती है। इस डाटा के आधार पर ही स्टूडेंट को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है। एक अप्रैल से नया शैक्षिक सत्र प्रारंभ हो गया है। अब स्टूडेंट को डीबीटी का लाभ देने की तैयारी चल रही है, लेकिन प्रधानाध्यापकों की लापरवाही से कवायद आगे नहीं बढ़ पा रही है।
बीएसए ने दो दिन पहले यू डायस पोर्टल की समीक्षा की। इसमें मालूम हुआ कि करीब 551 विद्यालयों ने नये सत्र में एक बार भी डाटा अपडेट नहीं किया है। वहीं, करीब 151 विद्यालयों की लापरवाही मिलने पर इन्हें नोटिस दिया गया था। इसके बाद भी इन्होंने ध्यान नहीं दिया है। इससे जिले में 712 ऐसे विद्यालय हैं, जिन्होंने स्टूडेंट डाटा को सही करने में बिल्कुल दिलचस्पी नहीं ली है। इस लापरवाही की वजह से स्टूडेंट को लाभ देने में विलंब हो रहा है।