सीतापुर। गांवों के तालाबों को स्वच्छ रखने और उनमें गंदा पानी पहुंचने से रोकने के लिए पंचायत राज विभाग नई पहल करने जा रहा है। इसके तहत जिले की चयनित ग्राम सभाओं में करीब 60 फिल्टर चैंबर बनवाए जाएंगे। इन चैंबरों के माध्यम से तालाबों में पहुंचने वाले पानी को फिल्टर किया जाएगा, जिससे गंदगी और अन्य अपशिष्ट पदार्थ तालाब तक न पहुंच सकें। विभाग की ओर से इसके लिए कार्ययोजना तैयार की गई है।
योजना के तहत एक फिल्टर चैंबर के निर्माण पर करीब 50 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इस तरह 60 चैंबरों के निर्माण पर लगभग 30 लाख रुपये की लागत आएगी। फिल्टर चैंबर बनने से गांवों में नालियों के माध्यम से तालाबों तक पहुंचने वाले पानी को साफ करने में मदद मिलेगी। इससे तालाबों में गंदगी जमा होने की समस्या कम होगी और जलस्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना आसान होगा।
विभाग की योजना के मुताबिक चयनित ग्राम सभाओं में चैंबरों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए ग्राम सभाओं के चयन और निर्माण संबंधी प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ताकि तालाबों के संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा मिल सके।