सीतापुर। पंचायत चुनाव को संकुशल संपन्न कराने के लिए डीएम विशाल भारद्वाज ने सोमवार को चुनाव ड्यूटी में नामित जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित अन्य कार्मिकों को प्रशिक्षित किया। सीतापुर शिक्षण संस्थान रस्यौरा में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान 52 मजिस्ट्रेट के साथ ही 247 मतदान कार्मिक अनुपस्थित रहे। इन सभी को नोटिस जारी कर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण शाम चार बजे हुआ। इसमें डीएम विशाल भारद्वाज ने सभी को निर्वाचन से संबंधित निर्देशों की जानकारी दी। बताया कि अपने जोन व सेक्टर से संबंधित संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्र व बूथों की सूची, सेक्टर से संबंधित थानों की सूची, टेलीफोन नंबर अवश्य रखें। प्रशिक्षण में 44 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं आठ जोनल मजिस्ट्रेट अनुपस्थित रहे।
डीडीओ ने बताया कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित कार्मिकों के कार्यालयाध्यक्ष को संबंधित का स्पष्टीकरण प्राप्त कर संस्तुति सहित उपलब्ध कराने एवं निर्वाचन ड्यिूटी पर उपस्थित कराने को पत्र भेजा गया है। दूसरी तरफ डीडीओ व सहायक प्रभारी अधिकारी मतदान कार्मिक राकेश कुमार पांडे ने बताया, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 2762 आरक्षित मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण सोमवार को सीतापुर शिक्षण संस्थान रस्यौरा में प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण में 56 पीठासीन अधिकारी, 79 मतदान अधिकारी प्रथम, 71 मतदान अधिकारी द्वितीय एवं 41 मतदान अधिकारी तृतीय अनुपस्थित रहे। अनुपस्थित कार्मिकों के विरुद्ध पंचायत राज अधिनियम 1947 एवं भारतीय दंड संहिता 1860 के तहत दंडात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जा रही है।