हरगांव इलाके में झमाझम बारिश होने खुशी से झूम उठे लोग
सीतापुर। भीषण गर्मी और उमस से बुधवार को लोगों को कुछ सुकून मिला। जिले के कुछ इलाकों में दोपहर बाद हुई बारिश से जहां मौसम खुशगवार हो गया वहीं कई हिस्सों में बादल तरसाकर निकल गए। जहां बारिश नहीं हुई वहां उमस से लोग बुरी तरह बेचैन रहे। हालांकि बदली छाने पर बाहर कुछ राहत मिली पर घरों में उमस बरकरार रही।
बुधवार की सुबह मौसम का मिजाज मिलाजुला रहा। धूप-छांव का दौर दोपहर तक चलता रहा लेकिन उमस भरी गर्मी भी बेहाल करती रही। दोपहर को मौसम अचानक बदल गया और आसमान पर काले बादल छा गए। घिरी काली घटाओं ने बारिश की उम्मीद जगाई तो लोग खुश नजर आए।
कमलापुर, मास्टरबाग, कंदुनी इत्यादि इलाकों में दोपहर करीब एक बजे कुछ देर के लिए हल्की बौछारें गिरीं। बौछारें तो कुछ देर ही पड़ी लेकिन बादल छाए रहने से मौसम सुहाना हो गया। लिहाजा, गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली। उधर, सायं करीब पांच बजे हरगांव इलाके में झमाझम बारिश होने से लोग खुशी से झूम उठे।
बारिश देख युवा और बच्चे बाहर निकल आए और जमकर मस्ती की। खेतों में बोई गई धान की नर्सरी में नई जान आई। बरसात देख कर किसानों के चेहरे भी खिल उठे। जबकि शहर मुख्यालय और आसपास के इलाके में मौसम लोगों को तरसाता रहा पर बारिश की एक बूंद तक नही गिरी।
उमस बरकरार रहने से हर कोई बुरी तरह बेचैन नजर आया। बाहर फिर भी कुछ सुकून रहा, घरों व दुकानों के भीतर उमस भरी गर्मी लोगों के पसीने छुड़ाती रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार] बुधवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गुरुवार को भी जिले के कई इलाकों में बारिश की संभावना है।