सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके में जेबकतरे ने रिटायर्ड लेखपाल की जेब से 50 हजार रुपये उड़ा दिए। वारदात के पांचवें दिन सोमवार शाम पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, विकासनगर गल्लामंडी निवासी बलवीर सिंह रिटायर्ड लेखपाल हैं। 20 मई को उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक की चुंगी शाखा से 50 हजार रुपये निकाले थे। वह रुपये लेकर बंदोबस्त अधिकारी के पास किसी काम से गए थे। इसके बाद घर जाने के लिए वह लालबाग चौराहे से ऑटो में बैठे थे। उनके साथ दो और लोग ऑटो में बैठ गए। बलवीर जब जीआईसी चौराहे पर ऑटो से उतरे तो उनकी जेब कट चुकी थी। उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। मगर दो चौकी इंचार्ज के बीच सीमा विवाद में मामला फंस गया।
जिला अस्पताल चौकी इंचार्ज विजय राठी ने बताया कि जीआईसी चौराहा आधा सिविल लाइंस और आधा अस्पताल चौकी में आता है। वहीं, सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज ज्योति बिश्नोई ने बताया कि घटनास्थल उनके इलाके में नहीं आता।
शहर कोतवाल इंस्पेक्टर दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि 20 तारीख को घटना की जानकारी हुई थी। मौके पर पुलिस टीम को भेजकर जांच कराई गई थी। सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित लालबाग से ई रिक्शा में बैठे थे, इसलिए मामले की जांच तामसेनगंज चौकी इंचार्ज करेंगी।
सीसीटीवी में दिखे संदिग्ध
सूत्रों की मानें तो घटनास्थल के पास के एक सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध नजर आए हैं। माना जा रहा है कि आरोपी जिले के रहने वाले नहीं हैं। कुछ दूर तक उनकी लोकेशन मिलने के बाद कुछ पता नहीं चल सका। घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम लगाई गई है। इंस्पेक्टर दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।