पुलिस टीम ने शनिवार देर शाम बिसवां तिराहे के पास वाहन चेकिंग के दौरान पीएनबी की कैश वैन से 50 लाख रुपये बरामद किए हैं। वैन में सवार शाखा प्रबंधक नकदी को लेकर कागजात नहीं दिखा पाए। हालांकि उनका कहना है कि यह कैश लखनऊ से आया था। यह कैश खैराबाद ले जाना था। स्टेटिक टीम ने कैश सीज कर जांच शुरू कर दी है।
टीम प्रभारी पुष्पेंद्र वर्मा व कोतवाल रमेश कुमार शनिवार देर शाम बिसवां तिराहे के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पीएनबी की कैश वैन (यूपी 30 टी-7226) की जांच की गई तो उसमें से 50 लाख रुपये बरामद हुए। वैन में सवार जहांगीराबाद पीएनबी के शाखा प्रबंधक सत्य सागर कैश के बारे में दस्तावेज नहीं दिखा पाए।
हालांकि उनका कहना है कि पीएनबी की शाखा कठूरा, जहांगीराबाद, रेवान व खैराबाद के लिए लखनऊ से इस वैन पर कैश लाया गया था। लखनऊ से कैश लाने के बाद जहांगीराबाद, रेवान व कठूरा में कुछ नकदी उतारी गई।
बचे 50 लाख रुपये खैराबाद ले जाया जा रहा था। यह कैश बैंक का है। स्टेटिक टीम प्रभारी का कहना है कि कैश के बारे में शाखा प्रबंधक कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाए। जिसके चलते कैश सीज कराया जा रहा है।