सीतापुर। जिस ओर जवानी चलती है, उस ओर जमाना चलता है... राजनीतिक दलों की ओर से दिया गया यह नारा इस समय सीतापुर के चुनाव पर सटीक बैठता नजर आ रहा है। जिले की नौ विधानसभा सीटों पर 49 फीसदी मतदाता युवा हैं। ये युवा मतदाता इस बार जिस दल और नेता के पक्ष में मतदान करेगा, निश्चित तौर पर उस दल और नेता की जीत पक्की है।
लोकतंत्र के इस महापर्व में वैसे तो एक-एक मतदाता का मत अमूल्य है लेकिन इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि आगामी 23 फरवरी को जिले में होने वाले मतदान में नौ विधानसभा सीटों पर ताल ठोंक रहे मतदाताओं के भाग्य का फैसला युवा मतदाताओं के हाथ में है। जिले की नौ विधानसभा सीटों से 96 उम्मीदारों ने चुनाव मैदान में उतर कर ताल ठोंकी है। सदर विधानसभा से 14 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं तो वहीं महोली से 15 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
सिधौली विधानसभा से 12 उम्मीदवार, मिश्रिख से 14, महमूदाबाद से 9 उम्मीदवार मैदान मेें हैं। हरगांव विधानसभा से नौ उम्मीदवारों ने चुनावी ताल ठोकी है। लहरपुर विधानसभा से आठ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। सेवता विधानसभा से आठ व बिसवां विधानसभा में 12 उम्मीवार चुनावी मैदान में हैं। इन सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आगामी 23 फरवरी को होने वाले मतदान में 31 लाख 25 हजार 937 मतदाता करेंगे। इन मतदाताओं में 15 लाख 33 हजार 143 युवा वोटर हैं।
जिले की नौ विधानसभा सीटों पर कुल मतदाताओं में 49 फीसदी वोट युवा है। इस बार के चुनाव में युवा किन मुद्दों पर मतदान करता है और क्षेत्र में किसे नेता चुनता है यह तो कहना अभी जल्दबाजी होगी, लेकिन इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि आगामी चुनाव में जिस ओर युवा मतदाता जाएगा, जीत उसी की होनी तय नजर आ रही है।
उम्र के हिसाब से युवा वोटर
जिले की नौ विधानसभा सीटों पर मौजूदा समय में 31 लाख 25 हजार 937 मतदाता है। इनमें से 15 लाख 33 हजार 143 मतदाता युवा हैं। जिनमें 18 से 19 वर्ष के 36 हजार 457 मतदाता हैं। 20 से 29 वर्ष की आयु के 6 लाख 61 हजार 736 मतदाता हैं। 30 से 39 वर्ष के आयु के 8 लाख 34 हजार 950 मतदाता हैं।