दोनों जिला अस्पताल में भर्ती, लखनऊ से घर आते समय वारदात
सीतापुर। रोडवेज बस में सफर कर रहे दो यात्रियों को जहरखुरानी गिरोह ने बेहोश करके लूट लिया। चालक व परिचालक उन्हें लावारिस हालत में बस स्टॉप पर उतारकर चलते बने। पुलिस ने दोनों यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां डॉक्टरों ने दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई।
तंबौर थाना क्षेत्र के ग्राम चटेला निवासी राजकुमार (25) व बरछता निवासी रमाकांत (22) मजदूरी करके घर का खर्च चलाते हैं। वह कमाने के लिए लखनऊ गए थे। बताते हैं कि तीन माह तक वहां पर काम करने के बाद दोनों युवक सोमवार की रात रोडवेज बस में सवार होकर वापस घर के लिए चल दिए।
बस में पहले से ही जहरखुरान मौजूद थे। सफर के दौरान ही रास्ते में जहरखुरानों ने दोनों युवकों नशीली कोल्ड ड्रिंक पिला दी। इससे कुछ देर बाद ही दोनों यात्री बेहोश हो गए। उनके बेहोश होते ही जहरखुरान दोनों के पास मौजूद करीब 15 हजार नकदी, मोबाइल फोन व सामान लूटकर निकल भागे। इधर बस जब सीतापुर पहुंची।
तब चालक व परिचालक की नजर बस में बेहोश पड़े दोनों यात्रियों पर पड़ी। चालक व परिचालक ने मानवीय संवेदनाओं को दरकिनार कर दोनों यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराने के बजाय बस स्टॉप पर ही उतार दिया और चलते बने। इधर जब पुलिस ने दोनों यात्रियों को बेहोश पड़ा पाया। तब उसने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया।