तंबौर (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में सोमवार का एक बालक अपने घर के सामने निर्माणाधीन टैंक में गिर गया। इससे बालक की डूबकर मौत हो गई। बालक का शव जब टैंक में उतराता मिला, तब परिवारीजनों को घटना की जानकारी हो सकी।
कस्बा के मोहल्ला गोडिय़न टोला निवासी श्यामू नाग शौचालय के टैंक का निर्माण करवा रहा है। टैंक घर के सामने ही खुदा है। बारिश की वजह से इस टैंक में पानी भर गया है। श्यामू का पुत्र खेलने के लिए घर से निकला तो घर के सामने बने टैंक में गिर गया। पानी अधिक होने के कारण बालक टैंक में डूब गया।
इससे बालक की मौके पर ही डूबकर मौत हो गई। परिवारीजन समझते रहे कि बालक मोहल्ले में खेलने गया है। दोपहर को भोजन का वक्त होने पर परिवारीजन बालक को तलाशने निकले। इसी बीच उन्हें घर के बाहर निर्माणाधीन टैंक में बालक का शव उतराता हुआ मिला। परिवारीजनों ने शव की अंत्येष्टि कर दी है।